देहरादून - उत्तराखंड के मदरसों में शुक्रवार की साप्ताहिक छुट्टी हुई खत्म, अब सामान्य स्कूलों की तरह लागू होंगे नियम
देहरादून - उत्तराखंड में शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त और मान्यता के लिए आवेदन करने वाले 206 मदरसों में अब शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश नहीं होगा। इन मदरसों में अन्य विद्यालयों की तरह निर्धारित साप्ताहिक अवकाश रविवार की व्यवस्था लागू की जाएगी। राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि शिक्षा विभाग से मान्यता लेने वाले मदरसों को विभागीय मानकों और निर्धारित शैक्षिक व्यवस्था का पालन करना होगा।
राज्य में मदरसा शिक्षा व्यवस्था को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों के तहत यह कदम उठाया गया है। प्राधिकरण के अनुसार, शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त करने या इसके लिए आवेदन करने वाले मदरसों में सामान्य विद्यालयों की तर्ज पर शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। ऐसे में इन संस्थानों को भी विद्यालयों के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कुंवर सिंह रावत ने कहा कि जिन मदरसों को स्कूल के रूप में मान्यता दी गई है, उन्हें राजकीय विद्यालयों में लागू नियमों का पालन करना होगा। ऐसा नहीं करने वाले मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण का उद्देश्य मदरसों में शिक्षा व्यवस्था को निर्धारित शैक्षिक मानकों के अनुरूप बनाना और विद्यार्थियों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना है। नए निर्देशों के बाद मान्यता प्राप्त और मान्यता की प्रक्रिया में शामिल मदरसों को साप्ताहिक अवकाश सहित अन्य निर्धारित शैक्षिक नियमों का पालन करना होगा।