देहरादून - टीएचई वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स में ग्राफिक एरा को भारत में 9वीं रैंक, रिसर्च क्वालिटी में मिला देश में दूसरा स्थान
 

 

देहरादून - ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान कायम रखते हुए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2027 में ग्राफिक एरा ने 561वीं ग्लोबल रैंक हासिल की है। भारत की यूनिवर्सिटीज में ग्राफिक एरा को 9वीं रैंक मिली है, जबकि रिसर्च क्वालिटी के मामले में यूनिवर्सिटी ने देश में दूसरा स्थान हासिल किया है।

टीएचई वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स को दुनिया की प्रमुख विश्वविद्यालय रैंकिंग्स में शामिल किया जाता है। इस वर्ष ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने 551-600 के ग्लोबल रैंक बैंड में जगह बनाई है। पिछले वर्ष यूनिवर्सिटी 601-800 के रैंक बैंड में थी। इस तरह ग्राफिक एरा ने वैश्विक रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है।

यूनिवर्सिटी के अनुसार, यह उपलब्धि विश्वस्तरीय शिक्षा एवं फैकल्टी, गुणवत्तापूर्ण शोध, नई तकनीक, आधुनिक प्रयोगशालाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का परिणाम है। भारत की यूनिवर्सिटीज में 9वीं रैंक और रिसर्च क्वालिटी में दूसरा स्थान मिलने से ग्राफिक एरा की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और मजबूत हुई है।

ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला के विजन को भी इस उपलब्धि से जोड़कर देखा जा रहा है। यूनिवर्सिटी के मुताबिक, छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा के साथ रिसर्च, इनोवेशन और इंडस्ट्री से जुड़ने के अवसर लगातार उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शिक्षकों की विशेषज्ञता, समर्पण और मार्गदर्शन ने भी छात्रों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ग्राफिक एरा ने हाल के वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में लगातार उपलब्धियां दर्ज की हैं। एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 में यूनिवर्सिटी ने देश की यूनिवर्सिटीज में 48वीं रैंक हासिल की थी। वहीं, क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स में ग्राफिक एरा को दक्षिण एशिया में 138वीं और एशिया में 523वीं रैंक मिली। इसके अलावा क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2025 में यूनिवर्सिटी ने भारत में 41वां स्थान हासिल किया। इन उपलब्धियों के साथ ग्राफिक एरा ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी बढ़ती मौजूदगी को और मजबूत किया है।