देहरादून - उत्तराखंड के हर विकासखंड में खुलेगी गौशाला, गोसेवा आयोग ने तेज की तैयारी, जानिए इतना बजट हुआ है जारी 

 

देहरादून - उत्तराखंड में निराश्रित गोवंश को आश्रय उपलब्ध कराने के लिए अब प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में गोशाला स्थापित की जाएगी। इसके लिए उत्तराखंड गोसेवा आयोग ने कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। आयोग का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर गोवंश के संरक्षण और उनके भरण-पोषण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना है। सोमवार को मोथरोवाला स्थित पशुधन भवन में आयोजित आयोग की सामान्य कार्यकारिणी की बैठक में अध्यक्ष पंडित राजेंद्र अणथ्वाल ने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश में संचालित, निर्माणाधीन और प्रस्तावित गोसदनों एवं गोशालाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई।

आयोग अध्यक्ष ने कहा कि गोवंश संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में गोशालाओं में साफ-सफाई, चारे-पानी और गोवंश की समुचित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गोसदनों को मिलने वाले अनुदान की प्रक्रिया हर महीने की एक से पांच तारीख के बीच पूरी करने के निर्देश भी दिए, ताकि गोसेवा से जुड़े लोगों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

बैठक में बताया गया कि गोसदनों में रह रहे गोवंश के भरण-पोषण के लिए पहली किस्त के रूप में 21.91 करोड़ रुपये जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वहीं, दूसरी किस्त के लिए 26 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

गोहत्या, गोकशी और गोतस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने पुलिस विभाग को कहा कि गोमांस बरामदगी से जुड़ी कार्रवाई के दौरान नमूने लेने मौके पर पहुंचने वाले पशु चिकित्सकों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही थाना स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए, जिससे कार्रवाई में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।