देहरादून - ग्राफिक एरा में फिल्म फेस्टिवल ‘हिमप्रवाह 3.0’ का आगाज, बड़े पर्दे पर दिखी युवाओं की सिनेमाई प्रतिभा
देहरादून - ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय इंटरनेशनल ओपन एयर फिल्म फेस्टिवल ‘हिमप्रवाह 3.0’ का भव्य शुभारंभ हुआ। फिल्म फेस्टिवल में युवाओं ने अपनी रचनात्मकता और सिनेमाई प्रतिभा के जरिए संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं को बड़े पर्दे पर जीवंत किया। इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ तुर्की और ओमान की फिल्मों ने भी अंतरराष्ट्रीय सिनेमाई विविधता की झलक प्रस्तुत की।
उद्घाटन समारोह में मुख्य आकर्षण रहे उत्तराखंड सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से फिल्म निर्माण के पसंदीदा केंद्र के रूप में उभर रहा है। राज्य सरकार की ओर से फिल्म निर्माण को दिया जा रहा प्रोत्साहन स्थानीय कलाकारों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रहा है। उन्होंने युवाओं से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और अनकही कहानियों को प्रभावशाली कंटेंट के माध्यम से फिल्म जगत तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. तबस्सुम नकवी ने कहा कि फिल्में रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम हैं। सिनेमा की पहुंच सीमाओं से परे है और इसमें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता है। वहीं ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर इंफ्रास्ट्रक्चर एवं डीआरसी चेयरमैन डॉ. सुभाष गुप्ता ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के विचारों और व्यक्तित्व को दिशा देती है, जबकि सिनेमा समाज की सोच और संवेदनाओं को प्रभावित करने की ताकत रखता है।
फिल्म फेस्टिवल में शौर्य तोमर की ‘समवन स्टिल लव यू’, प्रज्ञा थपलियाल की ‘चौन’, मयंक पाना की ‘बियॉन्ड द एंड’, अखिल धामन की ‘द अदरली’, कुश एलडी की ‘मीरा’, आदित्य की ‘एमएक्स’, जयना वालिया की ‘इको’, ‘हीर रांझा’ और गीतांश कुमार की ‘तुंगनाथ: स्टोरीज फ्रॉम द हिमालयाज’ सहित कई फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। खुले आसमान के नीचे बड़े पर्दे पर फिल्मों का आनंद लेते छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
फिल्मों के अलावा कार्यक्रम में नृत्य, गायन और रैंप वॉक जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति, संगीत और युवाओं की प्रतिभा के विविध रंग देखने को मिले। वहीं विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र और जाने-माने शायर मुकुल शर्मा ने अपनी शानदार शायरी और दिल को छू लेने वाले शेरों से समारोह में समां बांध दिया।
इस फिल्म फेस्टिवल का आयोजन ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ मीडिया एंड मास कम्युनिकेशन ने उत्तराखंड फिल्म डेवलपमेंट काउंसिल और स्टाइलिंग पार्टनर लाइमलोड के सहयोग से किया। फिल्म फेस्टिवल की जूरी में अभिनेता कैलाश कंडवाल, फिल्म निर्माता एवं हिमफ्लिक्स के संस्थापक राहुल रावत और निर्देशक संतोष सिंह शामिल रहे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. ज्योति छाबड़ा, विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, डॉ. ताहा सिद्दीकी, डॉ. हिमानी बिंजोला, डॉ. अंकिता उनियाल, संदीप भट्ट, गिरिजा शंकर सेमवाल, अस्मिता बडोनी, अमन दुबे, मयंक झिंकवन, मोहित नेगी, अनुपम ठकराल सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मयंक पाना और साक्षी भंडारी ने किया।