देहरादून - वन्य जीवों के हमले में जान गंवाने पर परिजनों को मिलेगी 10 लाख की सहायता राशि, CM धामी ने की घोषणा 

 

देहरादून - उत्तराखंड में वन्य जीवों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए आयोजित वन्य जीव सप्ताह का शुभारंभ शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून चिड़ियाघर (जू) से किया। हर वर्ष अक्टूबर माह के पहले सप्ताह में मनाए जाने वाले इस आयोजन के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा कई अहम घोषणाएं की गईं।

सहायता राशि में बढ़ोतरी का ऐलान - 
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वन्य जीवों के हमलों से जनहानि होने पर दी जाने वाली सहायता राशि को 6 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव पर शासन स्तर पर सहमति बन चुकी है और इसे आगामी मंत्रिमंडल की बैठक में अनुमोदन के लिए पेश किया जाएगा।

वन्यजीव हमारी संस्कृति का हिस्सा हैं - 
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्यजीव हमारी सनातन संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग हैं। देवी-देवताओं के वाहनों से लेकर धार्मिक प्रतीकों में पशु-पक्षियों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि भारत में मानव और जीव-जगत का सहअस्तित्व सदियों पुराना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की 14.77 प्रतिशत भूमि वन्य जीव संरक्षण क्षेत्रों में संरक्षित है, जो राष्ट्रीय औसत 5.27 प्रतिशत से कहीं अधिक है। यह राज्य की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मानव-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता- 
सीएम धामी ने कहा कि वन्य जीवों की संख्या में बढ़ोतरी उत्साहजनक है, लेकिन मानव-वन्यजीव संघर्ष भी एक बड़ी चुनौती बन रहा है। इसके समाधान के लिए ड्रोन और जीपीएस जैसी तकनीकों के इस्तेमाल पर ज़ोर दिया जा रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों को आजीविका के नए साधनों से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे वन संरक्षण में भागीदार बन सकें।