देहरादून - शराब के नशे में पत्नी और बेटी से मारपीट, अर्द्धसैनिक बल में तैनात पति के खिलाफ महिला ने DM से लगाई यह गुहार
उत्तराखंड - देहरादून निवासी हेमलता नामक महिला ने जिलाधिकारी सविन बंसल के कार्यालय पहुँचकर बताया कि उनका पति, जो अर्द्धसैनिक बल में कार्यरत है, प्रतिदिन शराब पीकर उनके साथ मारपीट करता है। हेमलता ने आरोप लगाया कि एक दिन पति ने उन्हें और उनकी 10 वर्षीय बेटी को जलाने और तेजाब डालकर मारने का प्रयास भी किया।
भयभीत पीड़िता ने जिलाधिकारी से अपनी जान की सुरक्षा और जीवनयापन के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल ऑनलाइन प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने के निर्देश दिए और कलेक्ट्रेट प्रभारी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
डीएम कार्यालय के अनुसार, हाल के दिनों में महिला उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रतिदिन कई शिकायतें सामने आ रही हैं, जिनमें पति-पत्नी, परिवार के सदस्यों या पड़ोसियों के बीच उत्पीड़न के मामले शामिल हैं। अब तक 110 से अधिक ऑनलाइन एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।