देहरादून - जि.पं. और ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पारदर्शिता के लिए यशपाल आर्य ने दिया सुझाव, मतगणना प्रक्रिया के लिए की यह मांग

 

देहरादून - उत्तराखंड में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के दूसरे चरण की अधिसूचना जारी हो चुकी है। आगामी 14 अगस्त 2025 को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुख के लिए मतदान और मतगणना संपन्न होनी है। इस बीच, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर मतगणना प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने की मांग की है।

यशपाल आर्य ने पत्र में उल्लेख किया है कि इस चरण में कई ऐसे मतदान केंद्र हैं जहाँ मतदाताओं की संख्या बहुत कम होती है, और ऐसे में हार-जीत का अंतर कुछ ही मतों का हो सकता है। यहां तक कि कई बार प्रत्याशियों को बराबर मत भी प्राप्त हो जाते हैं। इस स्थिति में मतगणना की प्रक्रिया में पारदर्शिता और त्रुटिहीनता अत्यंत आवश्यक हो जाती है।

उन्होंने सुझाव दिया है कि जनता के विश्वास को मजबूत बनाए रखने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग को चाहिए कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य रूप से करवाई जाए।

जनहित में उठाया गया कदम - 
नेता प्रतिपक्ष ने अपने पत्र में इसे जनहित का विषय बताते हुए कहा कि इससे चुनाव परिणामों को लेकर किसी भी प्रकार के विवाद या संदेह की स्थिति नहीं बनेगी, और निर्वाचन प्रक्रिया में लोगों का भरोसा और भी मजबूत होगा।

निर्वाचन आयोग की प्रतिक्रिया का इंतजार - 
अब सबकी निगाहें राज्य निर्वाचन आयोग की ओर हैं कि क्या वह इस सुझाव पर अमल करते हुए कोई आदेश जारी करेगा, ताकि आगामी पंचायत चुनावों की मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बन सके।