देहरादून - चुनावी ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का ब्योरा नहीं दिया, 250 से अधिक विभागाध्यक्षों पर दर्ज होगा मुकदमा
देहरादून - विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले सरकारी विभाग जिला प्रशासन के निशाने पर आ गए हैं। निर्वाचन ड्यूटी के लिए कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने वाले 250 से अधिक विभागों के विभागाध्यक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम (आरपी एक्ट)-1950 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी राज्य और केंद्र सरकार के विभागों, कार्यालयों तथा संस्थानों से वहां कार्यरत कर्मचारियों का पूरा विवरण मांगा था। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद बड़ी संख्या में विभागों ने अब तक जानकारी नहीं भेजी है। कुछ विभागों ने जो सूची उपलब्ध कराई है, उसमें भी आवश्यक जानकारियां अधूरी हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा के मुताबिक, जनपद में करीब 500 विभागों ने ही अब तक अपने कर्मचारियों का विवरण निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराया है, जबकि 250 से अधिक विभागों की ओर से सूची नहीं भेजी गई है। विधानसभा चुनाव-2027 के लिए रिजर्व कार्मिकों समेत विभिन्न निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए करीब 23 हजार कर्मचारियों की आवश्यकता का आकलन किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक केवल 12 हजार कर्मचारियों का ही विवरण प्राप्त हुआ है। ऐसे में शेष कर्मचारियों की उपलब्धता का आकलन करने और निर्वाचन ड्यूटी की व्यवस्था तैयार करने में परेशानी आ रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को तत्काल निर्धारित प्रारूप में कर्मचारियों का पूरा और अद्यतन विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागाध्यक्षों को स्वयं सूची की निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि भेजी जाने वाली जानकारी पूरी तरह सही और पूर्ण हो।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। तय समयसीमा में कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागाध्यक्षों के खिलाफ आरपी एक्ट-1950 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।