देहरादून - धामी सरकार का बड़ा संकेत, आंगनबाड़ी कर्मियों का बढ़ सकता है मानदेय, हड़ताल टली
देहरादून - उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने उनके मानदेय बढ़ाने के संकेत दिए हैं, जिसके बाद प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। शनिवार को सचिवालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, सेविका और मिनी कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगें रखीं। संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधियों ने खास तौर पर मानदेय बढ़ाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है और आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बैठक के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव ने बताया कि मानदेय वृद्धि के लिए केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया गया है। सरकार के सकारात्मक रुख के बाद संगठन ने अपनी प्रस्तावित हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है, जिससे प्रदेश में आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रभावित होने का खतरा टल गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली, विभागीय सचिव चन्द्रेश कुमार और निदेशक बी.एल. राणा भी मौजूद रहे। सरकार और संगठन के बीच बनी इस सहमति को आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।