देहरादून - नमो युवा रन' से गूंजा देहरादून, मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं संग लगाई दौड़, सीएम बोले- राष्ट्रनिर्माण में निभाएं भूमिका

 

देहरादून - सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत राजधानी देहरादून में रविवार को आयोजित ‘नमो युवा रन’ में जोश और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फ्लैग ऑफ कर किया। खास बात यह रही कि सीएम धामी खुद युवाओं के साथ दौड़ में शामिल हुए और उन्हें प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नमो युवा रन’ सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि यह युवाओं की ऊर्जा, अनुशासन, स्वास्थ्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत एक स्वस्थ, सक्रिय और उद्देश्यपूर्ण जीवनशैली अपनाएं।

सेवा पखवाड़ा को बताया राष्ट्रसेवा का अवसर - 
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुए ‘सेवा पखवाड़ा’ को सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना से ओत-प्रोत बताते हुए कहा कि यह समाज के प्रत्येक वर्ग को सकारात्मक योगदान देने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं की ऊर्जा राष्ट्रहित में और अधिक सार्थक होती है।

‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को मिल रही नई दिशा - 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चल रहा ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र को स्वस्थ और सक्षम बनाने का अभियान है। ‘नमो युवा रन’ जैसे आयोजनों से इस अभियान को नई दिशा और जनसहभागिता मिल रही है।

युवाओं में दिखा उत्साह - 
दौड़ में बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान युवाओं में देशभक्ति, ऊर्जा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। दौड़ के समापन पर प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।