देहरादून - सांसद खेल महोत्सव का आगाज़, सीएम धामी ने किया आगाज, बोले खेल संस्कृति को दे रहे बढ़ावा
देहरादून - केंद्र सरकार के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत पूरे देश में आयोजित हो रहे सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय से किया। कार्यक्रम का आयोजन राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के संयोजन में किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और ग्रामीण स्तर तक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है।
उत्तराखंड के सभी सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन करेंगे। पहले चरण में न्याय पंचायत स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें 5 ओलंपिक और 3 पारंपरिक खेल शामिल रहेंगे। पंचायत स्तर पर विजेता खिलाड़ी ब्लॉक स्तर पर मुकाबला करेंगे, और उसके बाद जिला स्तर पर प्रतियोगिता कराई जाएगी। यह महोत्सव 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक आयोजित होगा, जिसका समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के साथ होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के क्षेत्र में नई क्रांति आई है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने खिलाड़ियों को नई दिशा दी है। उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।”
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की नई खेल नीति के तहत 8 प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जा रही हैं। साथ ही ‘खेल लिगेसी प्लान’ के माध्यम से हर साल 1000 खिलाड़ी प्रशिक्षित होकर तैयार होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाया है।