देहरादून - दिल्ली अग्निकांड में शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी से मामला गरमाया, सीएम धामी ने दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता से की बात
देहरादून - दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड के शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बातचीत की और निष्पक्ष व पारदर्शी जांच की मांग की। सीएम धामी ने बातचीत के दौरान कहा कि मामले की जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और किसी भी निर्दोष को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां पारदर्शी जांच के माध्यम से सच्चाई सामने लाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने इस मामले में आरोपी बनाए गए शेफ केशव नेगी की बेटी कनिष्का नेगी से भी बातचीत की और परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार देशभर में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ खड़ी है और उनकी सहायता करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ है।
वहीं इस मामले में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने भी दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। गौरतलब है कि 3 जून को दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में सुबह करीब 8 बजे भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में बेसमेंट में फंसे 21 लोगों की दम घुटने और आग की चपेट में आने से मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। बचाव कार्य के दौरान 10 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे। इस मामले में होटल मालिक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है।