देहरादून - भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विधायकों को दी यह हिदायत, 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति पर जोर
देहरादून - उत्तराखंड में शुक्रवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ सरकार व संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी विधायकों को अपने कार्यकाल की उपलब्धियों की पुस्तिका प्रकाशित कर जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उन सीटों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा, जहां पार्टी बहुत कम अंतर से जीती थी, वहीं हारी हुई सीटों की जिम्मेदारी सांसदों को भी देने की बात कही गई।
बैठक में विधायकों को सोशल मीडिया के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़ी बातों को केवल आधिकारिक फोरम पर ही साझा किया जाए, जिससे संगठनात्मक एकता बनी रहे। इससे पहले मंत्री समूह की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी कैबिनेट मंत्रियों से उनके विभागों की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने सवाल किया कि 2027 विधानसभा चुनाव जीतने के लिए उनकी क्या रणनीति है।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे और अधिक से अधिक लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और डबल इंजन सरकार पर जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीन ने कहा कि धर्म, संस्कृति संरक्षण और डेमोग्राफी संतुलन को लेकर राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा पूरे देश में हो रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाए तो 2027 में पार्टी एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक प्रयासों को और तेज करने तथा जनसेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करने का आह्वान किया।