देहरादून - ऊर्जा संकट के बीच धामी सरकार का बड़ा फैसला, बिजली दफ्तरों में एसी पर नियंत्रण, अफसर के लिए अब यह नियम 

 

देहरादून - ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को लेकर उत्तराखंड की धामी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने 23 नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनके तहत बिजली विभाग के कार्यालयों में बिजली और ईंधन की बचत को प्राथमिकता दी जाएगी। नए आदेश के अनुसार, सभी कार्यालयों में एयर कंडीशनर (एसी) का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को एसी का कम से कम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही अनावश्यक रोशनी और सजावटी लाइटिंग पर भी नियंत्रण रहेगा।

कारपूल और साइकिल को बढ़ावा - 
यूपीसीएल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कारपूलिंग तथा कर्मचारी बस सेवा का उपयोग करने की सलाह दी है। निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों को साइकिल से कार्यालय आने-जाने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
खर्चों में कटौती और संसाधनों की बचत के लिए अनावश्यक घरेलू और विदेशी यात्राओं पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। विभागीय बैठकों के लिए वर्चुअल और हाइब्रिड मोड को अनिवार्य रूप से अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।

दफ्तर में ही लंच करने की सलाह - 
कर्मचारियों को लंच ब्रेक के दौरान बाहर जाने के बजाय कार्यालय परिसर में ही भोजन करने की सलाह दी गई है। विभाग का मानना है कि इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। सरकारी खरीद में 100 प्रतिशत ‘मेक इन इंडिया’ नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। त्योहारों और अन्य अवसरों पर स्थानीय हस्तशिल्प और जीआई-टैग उत्पादों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

यूपीसीएल कार्यालयों की कैंटीनों में तेल के उपयोग की समीक्षा की जाएगी। कर्मचारियों के बीच कम तेल वाले और स्वास्थ्यवर्धक भोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। ऊर्जा संकट के बीच जारी इन निर्देशों को राज्य सरकार की बचत, ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।