Crime News - बागेश्वर में डबल मर्डर, भतीजे ने लोहे की रॉड से पीटकर चाचा-चाची की हत्या की, बहू पर भी जानलेवा हमला

शराब के नशे में वारदात को दिया अंजाम, बीच-बचाव करने पहुंची महिला गंभीर रूप से घायल; आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें गठित
 
 

Uttarakhand Crime News - बागेश्वर जिले की गरुड़ तहसील के नरगोड़ी गांव में पारिवारिक विवाद के चलते दोहरी हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपने ही चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची परिवार की एक अन्य महिला को भी आरोपी ने निशाना बनाया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी गोविंद वल्लभ खोलिया शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, वह अक्सर शराब के नशे में घर पहुंचकर गाली-गलौज और विवाद करता था। उसकी इन हरकतों से परेशान होकर परिवार ने करीब पांच-छह महीने पहले उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भी आरोपी के व्यवहार को लेकर शिकायत की गई थी।

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात आरोपी ने एक बार फिर घर में विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी (54) पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद वह नीचे के कमरे में पहुंचा और अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया (58) को भी रॉड से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इस बीच चीख-पुकार सुनकर पूरन चंद्र के बेटे की बहू दर्शनी देवी बचाव के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अपनी छोटी बच्ची को साथ लेकर दर्शनी देवी ने एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। बाद में वह दूसरे रास्ते से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रही।

वारदात के बाद आरोपी तीनों को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। देर रात शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पूरन चंद्र और उनकी पत्नी भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दर्शनी देवी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

बैजनाथ कोतवाली के प्रभारी कैलाश नेगी के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी गोविंद वल्लभ खोलिया फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।