उत्तराखंड - सुप्रीम कोर्ट के आदेश बाद किच्छा और सिरौली कलां पालिका चुनाव की मतगणना हुई शुरू, प्रत्याशियों की बढ़ी धड़कनें 
 

 

 

किच्छा (ऊधमसिंहनगर)। कृषि उत्पादन मंडी समिति में बुधवार सुबह किच्छा और सिरौली कलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना शुरू हो गई। सबसे पहले सिरौली कलां नगर पालिका की मतगणना प्रारंभ हुई, जिसके बाद किच्छा नगर पालिका के मतों की गिनती शुरू की गई। दोनों निकायों में अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला आमने-सामने का है। किच्छा में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि सिरौली कलां में कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच टक्कर है।

मतगणना को देखते हुए प्रशासन ने कृषि उत्पादन मंडी समिति में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंडी परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मुख्य द्वार पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा हाईवे और आसपास के लिंक मार्गों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस द्वारा हाईवे और लिंक मार्गों पर वाहनों को रुकने नहीं दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत दंगा नियंत्रण वाहन भी लगातार क्षेत्र में पेट्रोलिंग करते नजर आए।

मतगणना स्थल के मुख्य द्वार पर प्रवेश को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है। केवल अधिकृत पासधारकों को ही अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। पुलिसकर्मी मुख्य द्वार पर पास की जांच करने के बाद ही किसी को मतगणना परिसर में प्रवेश दे रहे हैं।

किच्छा नगर पालिका चुनाव की मतगणना राजनीतिक टकराव के कारण पहले ही सुर्खियों में रही है। विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के बीच हुए राजनीतिक विवाद के बाद मतगणना पर रोक लगा दी गई थी। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन को मतगणना कराने और नौ अक्टूबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद प्रशासन ने आनन-फानन में मतगणना की तैयारियां पूरी कीं।

किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से संदीप अरोड़ा और कांग्रेस की ओर से राजेश प्रताप सिंह मैदान में हैं। निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल रशीद जक्कू ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास किया, लेकिन चुनावी समीकरणों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है।

वहीं सिरौली कलां नगर पालिका में भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा है। यहां कांग्रेस की राशिदा और निर्दलीय प्रत्याशी फरहीन जहां के बीच सीधा मुकाबला है। सिरौली कलां में अध्यक्ष पद के साथ चार वार्डों के सभासद पद के लिए भी मतगणना की जा रही है। किच्छा नगर पालिका के 20 वार्डों में सभासद पद के लिए 81 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि सिरौली कलां के चार वार्डों में 27 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतगणना के बाद होगा।