देहरादून - सत्ता में आते ही लोकायुक्त की नियुक्ति करेगी कांग्रेस, गणेश गोदियाल ने भ्रष्टाचार उजागर करने का किया दावा 
 

 

देहरादून - उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी पंचतत्व में विलीन हो गए। खंडूड़ी अपने दूसरे कार्यकाल में वर्ष 2011 में राज्य में देश का सबसे सख्त और ऐतिहासिक लोकायुक्त विधेयक लागू करने के लिए जाने जाते हैं। हालांकि बाद की सरकारों ने इस कानून को प्रभावी रूप से लागू नहीं किया।

इसी बीच गणेश गोदियाल ने कहा कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो प्राथमिकता के आधार पर लोकायुक्त की स्थापना की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है और इसी कारण लोकायुक्त की नियुक्ति की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। गणेश गोदियाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में लोकायुक्त गठन का प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा गया था, लेकिन वह आज भी लंबित पड़ा है।

उन्होंने कहा कि लोकायुक्त का मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना होता है, लेकिन भाजपा सरकार इस दिशा में गंभीर नहीं है। गोदियाल ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार बनने पर न केवल लोकायुक्त की नियुक्ति की जाएगी, बल्कि पूर्व में हुए भ्रष्टाचारों की भी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर कई “बीमारियां” फैल चुकी हैं, जिनका इलाज केवल सत्ता परिवर्तन है। उन्होंने जनता से बदलाव का समर्थन करने की अपील भी की।