हल्द्वानी - विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने तेज की तैयारी, दो दिन के दौरे पर हल्द्वानी आएंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे

 

देहरादून - उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए कांग्रेस ने अपने केंद्रीय नेतृत्व के राज्य दौरे की रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अगले महीने के दूसरे सप्ताह में दो दिवसीय हल्द्वानी दौरे पर आ सकते हैं।

प्रदेश कांग्रेस ने इस संबंध में पार्टी हाईकमान को प्रस्ताव भेजा है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि खरगे के अलावा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के उत्तराखंड दौरे का भी अनुरोध किया गया है।

सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी ने राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों का दौरा करने की इच्छा जताई है। इससे पहले उनका अल्मोड़ा और पौड़ी दौरा प्रतिकूल मौसम के कारण स्थगित हो गया था। अब पार्टी अगले महीने के अंतिम सप्ताह में उनके दौरे की संभावनाओं पर काम कर रही है।

वहीं, प्रियंका गांधी के सितंबर के पहले सप्ताह में उत्तराखंड आने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी की रणनीति और केंद्रीय नेताओं के प्रस्तावित कार्यक्रमों पर मंगलवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में होने वाली वरिष्ठ नेताओं की बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी। कांग्रेस का मानना है कि केंद्रीय नेताओं के लगातार दौरे से संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा।