हल्द्वानी - SIR को लेकर कांग्रेस का चुनाव आयोग पर निशाना, वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन आंदोलन चलाएगी कांग्रेस
हल्द्वानी - मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और कांग्रेस नेता ललित जोशी ने प्रेस कांफ्रेंस कर SIR से जुड़े मुद्दों पर अपनी आपत्तियां रखीं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह के बदलाव के दौरान पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस SIR के मुद्दे को लेकर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन आंदोलन चलाएगी। कल 8 अक्टूबर को हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में भी कांग्रेस प्रदर्शन करने वाली है। विधायक ने SIR की प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर पारदर्शिता बेहद जरूरी है।
वहीं कांग्रेस नेता ललित जोशी ने हल्द्वानी नगर निगम चुनाव की मतगणना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम चुनाव की मतगणना में गड़बड़ी हुई थी और दावा किया कि मतगणना में अनियमितता के कारण उन्हें जीता हुआ चुनाव हराया गया। जोशी ने मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि वह भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी SIR के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जन आंदोलन चलाएगी।