देहरादून - राजधानी में कांग्रेस का तांडव! हरक सिंह का आक्रामक अंदाज, करन माहरा-यशपाल आर्य समेत कई नेता गिरफ्तार
 

 

देहरादून -  उत्तराखंड की राजधानी देहरादून मंगलवार को राजनीतिक उबाल का गवाह बनी। बिगड़ती कानून व्यवस्था, आपदा राहत में लापरवाही और पंचायत चुनावों में कथित वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस ने राजभवन कूच किया। राजधानी की सड़कों पर कांग्रेस का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें कई दिग्गज नेता अग्रिम पंक्ति में नजर आए।

हरक सिंह रावत का जोशीला प्रदर्शन, नेताओं की गिरफ्तारी - Video 
इस विरोध प्रदर्शन की खास बात रही कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत का आक्रामक अंदाज, एक बार फिर देखने को मिला। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए हरक सिंह ने जमकर नारेबाज़ी की। उनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कांग्रेस का आरोप: ‘राज्य में जंगलराज, महिलाएं असुरक्षित’ - 
प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने नैनीताल में जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण को लेकर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया। “कानून व्यवस्था चौपट है, महिलाएं असुरक्षित हैं, हत्या, आत्महत्या और आपदा राहत जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है — करन माहरा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

राजनीतिक विश्लेषण: क्या यह 2027 की तैयारी है?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को मुद्दों के मोर्चे पर घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। बीते कुछ समय से कांग्रेस पूरी तरह एकजुट नजर आ रही है और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने में पीछे नहीं हट रही।

जनता की लड़ाई या चुनावी रणनीति?
राजभवन कूच के अंत में कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन सिर्फ शुरुआत है। उनका दावा है कि जनता के अधिकारों के लिए यह लड़ाई अब तेज़ होगी। रैली के दौरान राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया और भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी की गई।