हल्द्वानी - मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, हल्द्वानी और नैनीताल में फूंका पुतला, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
हल्द्वानी/नैनीताल - अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को कुमाऊं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। 'वोट का अधिकार छीनने' और निर्वाचन आयोग में कथित अनियमितताओं को लेकर कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी और नैनीताल में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में गरजी कांग्रेस-
प्रदर्शन की शुरुआत हल्द्वानी स्थित तिकोनिया बुद्ध पार्क से हुई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और पुतला फूंका। इस दौरान हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया ही लोकतंत्र की नींव है। निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों का जवाब देश की जनता को मिलना बेहद जरूरी है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।
नैनीताल में तल्लीताल डांठ से कलेक्ट्रेट तक रैली-
हल्द्वानी के बाद नैनीताल जिला मुख्यालय में भी विरोध की गूंज सुनाई दी। जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल के नेतृत्व में जिलेभर से आए वरिष्ठ कार्यकर्ता तल्लीताल डांठ पर एकत्र हुए। यहां उग्र प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तल्लीताल बाजार से कलेक्ट्रेट तक रैली के रूप में पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एसआईआर के बहाने लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली है और निर्वाचन आयोग निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय एक एजेंट की तरह काम कर रहा है।
राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन-
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त करने, उन्हें गिरफ्तार करने और उनके द्वारा लिए गए विवादित निर्णयों को निरस्त करने की मांग की गई है।