‘’आनंदा एकेडमी में इंटर हाउस वार्षिक खेल महोत्सव 'ड्रिजल' का रंगारंग समापन ‘’

 

हल्द्वानी -( जिया सती ) डहरिया स्थित दी आनंदा एकेडमी में आज दिनांक 09 फरवरी 2026 (सोमवार) को इंटर हाउस वार्षिक खेल महोत्सव ‘ड्रिजल’ का रंगारंग समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह खेल महोत्सव विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक विकास एवं खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक श्री भूपेंद्र सिंह बिष्ट, निर्देशिका दीक्षा बिष्ट, प्रधानाचार्या माया बिष्ट एवं उपप्रधानाचार्या सुष्मिता बगड़वाल द्वारा संयुक्त रूप से मशाल प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर स्वर्गीय विक्रम बिष्ट जी को समस्त आनंदा परिवार की ओर से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिन्हें ‘ड्रिजल’ की आत्मा के रूप में सदैव याद  किया जाएगा।

इसके पश्चात राष्ट्रीय मार्शल आर्ट खिलाड़ी एवं कोच सौरव गौड़ के निर्देशन में विद्यालय के तायक्वोंडो एवं कराटे समूह के विद्यार्थियों ने रोमांचक और साहसिक करतब प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

खेल महोत्सव में चार हाउस—ब्लू पैंथर, किंगफिशर, मस्कीटीयर एवं फिनिक्स के मध्य कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। हाउस टीम लीडर्स के रूप में प्राक्षी ओझा, बबीता परिहार, मीनाक्षी पंत एवं रिया सुयाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी हाउस कैप्टनों ने अपनी-अपनी टीमों का कुशल नेतृत्व किया।

प्रतियोगिता के अंतिम चरण में अंकों के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। ब्लू पैंथर हाउस ने 574 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि किंगफिशर 540 अंकों के साथ द्वितीय, मस्कीटीयर 490 अंकों के साथ तृतीय एवं फिनिक्स 315 अंकों के साथ चतुर्थ स्थान पर रहा।

समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधक श्री भूपेंद्र सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला एवं विजेता टीम को ड्रिजल 2025-26 की ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। पिछले दो माह से चले इस खेल महोत्सव के सफल संचालन में खेल शिक्षिका रीना गुरुरानी, दीया एवं उदित सिंह बिष्ट सहित समस्त शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।