रामनगर - हनुमान धाम पहुंचे सीएम धामी, पूजा कर देवत्व बचाने का लिया संकल्प, बोले सनातन का है स्वर्णिम काल
 

 

रामनगर - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामनगर के छोई स्थित हनुमान धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और देवभूमि के देवत्व को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच भंडारे में भोजन भी वितरित किया। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी के रामनगर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले कोसी रोड स्थित बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री छोई स्थित हनुमान धाम पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमान जी के 21 दिव्य स्वरूपों के दर्शन कर विधिवत पूजा की।

पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय सनातन धर्म का स्वर्णिम काल है और हमारी सांस्कृतिक विरासत व मूल्यों को संरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने देवभूमि के देवत्व को बनाए रखने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप भोजन वितरित किया। इसके बाद वह देहरादून के लिए रवाना हो गए।

इस अवसर पर हनुमान धाम के आचार्य विजय, कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, भगीरथ लाल चौधरी, गणेश रावत, संजय डोर्बी और जगमोहन सिंह बिष्ट सहित कई लोग उपस्थित रहे।