उत्तरकाशी - प्रभावित इलाकों का सीएम धामी ने किया हवाई सर्वेक्षण, पीड़ितों को बंधाया ढांढस, PM ले रहे हर अपडेट
उत्तरकाशी - उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में धराली क्षेत्र में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से मची तबाही के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। सीएम धामी ने हर्षिल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान राहत सामग्री से भरा एक हेलिकॉप्टर भी मौके पर भेजा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 130 से अधिक लोगों को अब तक सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि लापता लोगों की तलाश और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल तक पहुंचने में बाधा उत्पन्न हो रही है क्योंकि मुख्य सड़क मार्ग और एक पुल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
सीएम धामी ने जानकारी दी कि आपदा प्रबंधन के लिए भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें जुटी हुई हैं। साथ ही, 10 डीएसपी, 3 एसपी और लगभग 160 पुलिस अधिकारी राहत कार्य में लगे हुए हैं। हेलिकॉप्टरों को तैनात किया गया है, लेकिन खराब मौसम के कारण उड़ान में रुकावट आ रही है। मौसम ठीक होते ही एयरलिफ्टिंग शुरू कर दी जाएगी।
सीएम धामी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र धराली में अभी तक मोबाइल नेटवर्क नहीं है, लेकिन सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है कि हर व्यक्ति तक मदद पहुंचे और सभी को सुरक्षित निकाला जाए।
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार उत्तराखंड सरकार से संपर्क में हैं और उन्होंने स्वयं सीएम धामी से आपदा की स्थिति का अपडेट लिया है। सीएम धामी ने पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि केंद्र सरकार हर संभव सहायता दे रही है।
देहरादून स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय है, और प्रभावितों को भोजन, दवाइयां, अस्थायी आवास जैसी सभी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से संयम और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार सभी की सुरक्षा और पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है।