हल्द्वानी - भाई के रील बनाने को टोकने से आहत आठवीं की छात्रा ने फंदे से लटककर दी जान
हल्द्वानी - बिंदुखत्ता के वेस्ट राजीवनगर में मोबाइल फोन को लेकर भाई के टोकने के बाद 14 वर्षीय छात्रा की मौत से परिवार में मातम पसरा है। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा को मंगलवार शाम उसके बड़े भाई ने मोबाइल पर अधिक समय बिताने को लेकर टोका था। इसके बाद रात में उसने घर में फंदा लगा लिया। स्वजन उसे आनन-फानन में हल्द्वानी स्थित डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता के वेस्ट राजीवनगर निवासी राशि सक्सेना आठवीं कक्षा की छात्रा थी। मंगलवार शाम वह मोबाइल फोन पर व्यस्त थी। इस दौरान बड़े भाई ने उसे लगातार मोबाइल चलाने को लेकर टोका। बताया जा रहा है कि इसी बात से आहत होकर उसने रात में घर के पंखे से फंदा लगा लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। बुधवार सुबह हल्द्वानी की मोर्चरी में शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही थी। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल
है।