उत्तरकाशी - आपदा प्रभावितों के लिए मुख्यमंत्री और IAS अधिकारियों ने बढ़ाया मदद का हाथ, CM धामी एक माह का वेतन करेंगे दान
देहरादून - उत्तरकाशी जनपद के धराली और हर्षिल क्षेत्र में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के तीसरे दिन भी राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। इस मुश्किल घड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानवीय पहल करते हुए अपना एक माह का वेतन आपदा राहत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दान देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा पीड़ितों के साथ हर कदम पर खड़ी है और इस संकट की घड़ी में सभी को एकजुट होकर सहायता करनी चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों से भी राहत कार्यों में सहयोग की अपील की है।
इसी क्रम में उत्तराखंड आईएएस एसोसिएशन ने भी आपदा पीड़ितों के लिए अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन के सचिव दिलीप जावलकर ने जानकारी दी कि सभी IAS अधिकारियों ने आपसी सहमति से यह फैसला लिया, जो कि पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता और कर्तव्यबोध का परिचायक है