नैनीताल - कॉलगर्ल की मांग पर बवाल, पर्यटकों और स्थानीय युवक में मारपीट, मल्लीताल क्षेत्र में देर रात भारी हंगामा 
 

 

नैनीताल - मल्लीताल क्षेत्र में बीते रात कॉलगर्ल की मांग को लेकर पर्यटकों और एक स्थानीय युवक के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार शनिवार रात पुराना घोड़ा स्टैंड के पास बिजनौर से आए तीन पर्यटक देव चौधरी, देवेश और प्रशांत स्थानीय गाइड मो. फैशल से कथित तौर पर कॉलगर्ल उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे। इस अभद्र मांग का विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

 

शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद अन्य पर्यटन गाइड भी मौके पर पहुंच गए। मारपीट में स्थानीय युवक फैशल समेत कुछ पर्यटक भी घायल हुए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट की पुष्टि हुई।

 

कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि मामले में तीनों पर्यटकों और स्थानीय युवक मो. फैशल के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पर्यटन नगरी नैनीताल में पर्यटकों के व्यवहार और कानून व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।