हल्द्वानी - छात्रसंघ चुनाव में बवाल, छात्रों के दो गुटों में जमकर झड़प, पुलिस ने दबोचा - Video
हल्द्वानी - छात्रसंघ चुनाव को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। एमबीपीजी कॉलेज के बाहर बुधवार को छात्रों के दो गुटों के बीच तीखी झड़प हो गई। मामला इतना बिगड़ गया कि मौके पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। कॉलेज के बाहर छात्रसंघ नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान दो छात्र गुटों के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े के दौरान बाहरी लोगों की भी भूमिका रही, जिनका संबंध टैक्सी यूनियन से बताया जा रहा है। इन बाहरी लोगों ने माहौल को और भड़काने का काम किया।
इस बार अध्यक्ष पद के लिए कमल बोरा और अभिषेक गोस्वामी के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में गहमागहमी तेज़ है, और इसी कारण माहौल गरमाया हुआ है। छात्रसंघ चुनाव के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसपी सिटी ने बताया कि किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।