हल्द्वानी - काठगोदाम में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, नैनीताल रोड़ पर बने दो से तीन मंजिला निर्माण ढहाए 
 

 

हल्द्वानी - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत काठगोदाम क्षेत्र में प्रशासन ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। नैनीताल रोड पर रेलवे स्टेशन के निकट अवैध रूप से बनी दुकानों और बहुमंजिला निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया।

प्रशासनिक टीम सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में सुबह-सुबह मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होने से पहले भाजपा से जुड़े स्थानीय नेताओं ने कार्रवाई का विरोध किया और प्रशासन से तीखी बहस हुई। बावजूद इसके प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।

नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त क्षेत्र में केवल एक मंजिल निर्माण की अनुमति थी, लेकिन नियमों की अनदेखी कर कई लोगों ने दो से तीन मंजिला इमारतें और कॉम्प्लेक्स खड़े कर लिए थे। उन्होंने कहा कि यह निर्माण पूरी तरह अवैध हैं और इनके खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने विरोध भी दर्ज कराया, लेकिन अवैध निर्माण होने के चलते प्रशासन टस से मस नहीं हुआ। स्थानीय प्रशासन ने इस दौरान पुलिस बल की तैनाती कर शांति व्यवस्था बनाए रखी।
जहां कुछ स्थानीय लोगों ने प्रशासन की सख्ती की सराहना की, वहीं कई व्यापारियों ने कहा कि वर्षों से चल रहे व्यवसाय अचानक उजाड़ दिए गए हैं, जिससे रोज़गार पर संकट खड़ा हो गया है।