हल्द्वानी - कल भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, मिशन-2027 पर बनेगा रोडमैप, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे शिरकत 
 

 

 

 

हल्द्वानी - रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में नौ सितंबर को होने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हल्द्वानी में प्रेस कांफ्रेंस कर बैठक को लेकर अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जिसमें प्रदेशभर से भाजपा के 597 पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी शिरकत करेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मिशन-2027 के लिए तैयार करने का संदेश देंगे।

महेंद्र भट्ट के मुताबिक, बैठक में उत्तराखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात से लेकर विकसित उत्तराखंड के रोडमैप तक दो अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इसके अलावा 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र देने के साथ संगठन को चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार करने का संदेश देंगे।

नितिन नवीन अपने दौरे के दौरान युवाओं और खासकर Gen Z से भी संवाद करेंगे। इसके अलावा वह पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे। रुद्रपुर में आयोजित सिख समाज के सम्मेलन को भी वह संबोधित करेंगे। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड दौरा संगठनात्मक बैठक के साथ-साथ विभिन्न वर्गों से संवाद के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इधर, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले भाजपा संगठन को लेकर एक सवाल भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम बैठक में नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि उत्तराखंड भाजपा में फिलहाल महामंत्री संगठन का पद भी खाली है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी और महामंत्री संगठन की गैरमौजूदगी के बीच भाजपा की यह महत्वपूर्ण बैठक किस तरह आगे बढ़ेगी और मिशन-2027 को लेकर संगठन क्या बड़ा रोडमैप तैयार करेगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

597 पदाधिकारियों की मौजूदगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन के चलते भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब देखना होगा कि बैठक से भाजपा मिशन-2027 को लेकर क्या दिशा और रणनीति तय करती है।

रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में नौ सितंबर को होने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रदेशभर से भाजपा के 597 पदाधिकारी इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। रामपुर रोड स्थित बैंक्वेट हॉल परिसर में मंगलवार को दिनभर तैयारियों का दौर चलता रहा। बैठक स्थल को सजाने से लेकर मंच, बैठक व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बड़े राजनीतिक आयोजन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह नजर आ रहा है।

मिशन 2027 पर रहेगा फोकस - 
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि उनके संबोधन में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर विशेष जोर रहेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेता भी बैठक में मौजूद रहेंगे। प्रदेश के सभी जिलों से पार्टी पदाधिकारियों की भागीदारी के चलते बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर उत्साह - 
नितिन नवीन के हल्द्वानी आगमन को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उनके स्वागत और कार्यक्रम को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अब सभी की नजरें राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन पर टिकी हैं कि वह उत्तराखंड भाजपा को मिशन-2027 के लिए क्या दिशा देते हैं और चुनावी रणनीति को लेकर संगठन के सामने क्या लक्ष्य रखते हैं।