हल्द्वानी - ब्लैकमेलिंग केस में बड़ा अपडेट, नैनीताल हाईकोर्ट से आरोपी ज्योति को झटका, गिरफ्तारी पर लटकी तलवार
नैनीताल - हल्द्वानी के बहुचर्चित कारोबारी सुभाष गुप्ता से जुड़े कथित सात करोड़ के हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग मामले में नैनीताल हाईकोर्ट से बड़ी खबर सामने आई है। इस मामले में आरोपी ज्योति को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। आज हुई सुनवाई में आरोपी की ओर से मांगी गई स्टे की राहत खारिज होने की जानकारी सामने आई है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ में हुई। सुभाष गुप्ता की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता परीक्षित सैनी ने इस संबंध में जानकारी दी है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, हल्द्वानी निवासी कारोबारी सुभाष गुप्ता ने एक महिला समेत कई लोगों पर कथित रूप से हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने, करोड़ों रुपये की वसूली करने और संपत्ति हड़पने के गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत के मुताबिक, फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर कथित तौर पर रकम की मांग की गई थी।
मामले में आरोपी ज्योति सिंह ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त कराने और गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए नैनीताल हाईकोर्ट का रुख किया था। इससे पहले हाईकोर्ट ने ज्योति सिंह को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत देते हुए सुनवाई की अगली तारीख 27 नवंबर निर्धारित की थी। अब आज की सुनवाई के बाद स्टे खारिज होने की जानकारी सामने आने से इस चर्चित मामले में नया मोड़ आ गया है। कानून के जानकारों के मुताबिक अब पुलिस जल्दी ही ज्योति को गिरफ्तार कर सकती है। वहीं विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक ज्योति ने हल्द्वानी के लोअर कोर्ट में भी एक अर्जी दायर की है। जिसकी सुनवाई आगामी 30 नवंबर हो सकती है।