"ऊधमसिंहनगर तहसील में बड़ा खुलासा, रिश्वत लेते रजिस्ट्रार कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार" 

 

हल्द्वानी - (निधि अधिकारी) उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने ऊधमसिंहनगर के तहसील बाजपुर में एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने रजिस्ट्रार कानूनगो मोहन सिंह को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी तहसील में नाम दर्ज करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।

बता दे की, शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार की सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर दी थी। जांच में यह सामने आया कि शिकायतकर्ता का भूमि विवाद न्यायालय में लंबित था और कमिश्नर कुमाऊं द्वारा उसके पक्ष में निर्णय दिया गया था। फैसले के बाद, जब उसने अपना नाम रजिस्टर में दर्ज कराने के लिए तहसील कार्यालय में संपर्क किया, तो रजिस्ट्रार कानूनगो मोहन सिंह ने रिश्वत की मांग की।

दरअसल, ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और मोहन सिंह को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

वही, सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार की सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर दें।