उत्तराखंड - फर्जी दस्तावेज़ों के सहारे बबली खातून बनी भूमि शर्मा, दो बांग्लादेशी महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
उत्तराखंड - देहरादून पुलिस ने पटेलनगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो बांग्लादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है। इनमें से एक महिला लंबे समय से फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे भारत में अवैध रूप से रह रही थी।
पहली गिरफ्तारी —
पटेलनगर स्थित देहराखास क्षेत्र से पुलिस ने भूमि शर्मा नाम बताने वाली एक महिला को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना वास्तविक नाम बबली खातून, पत्नी मोहम्मद मुनजु, निवासी बांग्लादेश बताया। पुलिस जांच में उसके पास से आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी जैसे कई फर्जी भारतीय दस्तावेज बरामद हुए। साथ ही उसके पास से बांग्लादेशी आईडी भी मिली, जिस पर नाम बबली बेगम दर्ज है। पुलिस के अनुसार, कोविड काल में वह अवैध रूप से सीमा पार कर भारत आई थी। देहरादून आकर उसने अपना नाम बदला, एक स्थानीय युवक से विवाह किया और फिर भूमि शर्मा के नाम से भारतीय दस्तावेज़ बनवा लिए।
दूसरी कार्रवाई — मजदूरी कर रही महिला पकड़ी -
दूसरे मामले में कारगी रोड, कालिंदा विहार से पुलिस ने 41 वर्षीय बॉबी खातून को हिरासत में लिया। वह वर्ष 2023 में चोरी-छिपे भारत में दाखिल हुई थी और देहरादून में मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थी। पुलिस को उसके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र की छायाप्रति मिली है। पुलिस दोनों मामलों में विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है और जांच जारी है।