भीमताल - अब यहां घास लेने गई महिला को तेंदुए ने मार डाला, घर से 3 किलोमीटर दूर मिला महिला का शव
भीमताल – भीमताल क्षेत्र में जंगल में गए 60 वर्षीय महिला पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।जानकारी के अनुसार, मृतक गंगा देवी रोज की तरह मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थी। जब देर शाम तक वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग और स्थानीय लोगों ने मिलकर उनकी खोजबीन की, और आज सुबह घर से 3 किलोमीटर दूर जून स्टेट के जंगल में उनका शव मिला।
वन विभाग ने बताया कि इस क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे और नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही, परिवार को उनके नुकसान के लिए मुआवजा दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक है और यह कोई पहली घटना नहीं है। हाल में हुई तीन जानलेवा घटनाओं के बाद, जिले के इस पहाड़ी इलाके में वन्यजीवों को लेकर दहशत फैल गई है। लोग वन्यजीवों को काबू करने की मांग कर रहे हैं।