हल्द्वानी - सात फेरों से पहले दूल्हे ने शादी से किया इनकार, दहेज मांगने का आरोप, पुलिस दूल्हे को उठाकर ले गई चौकी
हल्द्वानी - नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब सात फेरों से ठीक पहले दूल्हे ने विवाह करने से इनकार कर दिया। बारात का स्वागत हो चुका था। मेहमानों को भोजन भी कराया जा चुका था और शादी की अधिकांश रस्में पूरी हो गई थीं। इसी बीच दूल्हे के शादी से इनकार करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके परिजनों पर अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को चौकी ले गई, जबकि बाराती वापस लौट गए।
जानकारी के अनुसार, चकलुवा क्षेत्र से एक बारात बिंदुखत्ता के शास्त्री नगर नर्सरी पहुंची थी। लड़की पक्ष की ओर से बारात का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। मेहमानों की आवभगत की गई और बारातियों को भोजन भी कराया गया। घर में शादी की खुशियां थीं और सभी लोग विवाह की रस्में पूरी होने का इंतजार कर रहे थे। अधिकांश रस्में संपन्न होने के बाद जब सात फेरों की तैयारी शुरू हुई तो दूल्हे ने अचानक शादी करने से मना कर दिया।
दूल्हे की ओर से अपनी मर्जी न होने की बात कहे जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और शादी समारोह में हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए कर्ज तक लिया था और अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार दान-दहेज का सामान भी दिया था। इसके बावजूद दूल्हे पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। आरोप है कि इसी वजह से दूल्हे ने ऐन वक्त पर शादी से इनकार कर दिया।
पुलिस दूल्हे को चौकी ले गई -
विवाद बढ़ने पर लड़की पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बिंदुखत्ता चौकी प्रभारी गौरव जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस दूल्हे को अपने साथ चौकी ले गई, जबकि बाराती वापस लौट गए। शादी की तैयारियों और मेहमानों की मौजूदगी के बीच हुई इस घटना से दुल्हन और उसके परिवार की खुशियां मायूसी में बदल गईं।इस संबंध में कोतवाल ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।