उत्तराखंड - उधम सिंह नगर में पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर, वांटेड अपराधी जितेंद्र चौधरी समेत तीन गिरफ्तार
रुद्रपुर - उधम सिंह नगर पुलिस ने सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में लंबे समय से फरार चल रहे वांटेड अपराधी जितेंद्र चौधरी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथी सुमित राठौर और चंदन को भी मौके से दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार तीनों किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जितेंद्र चौधरी अपने साथियों के साथ रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने जब संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो वे भागकर एक आम के बगीचे में पहुंच गए और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं उसके दोनों साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार जितेंद्र चौधरी जिले में हुई कई फायरिंग की घटनाओं में वांटेड था। वह 21 जून को गाबा चौक पर हुई फायरिंग का नामजद आरोपी था। इसके अलावा 30 जून की रात ट्राला पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी तलाश की जा रही थी, जिसमें पीलीभीत निवासी एक महिला घायल हुई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक जितेंद्र चौधरी के खिलाफ कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें सात उत्तर प्रदेश और तीन उत्तराखंड में दर्ज हैं। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए।
उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और वांटेड अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके अन्य साथियों और संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।