अल्मोड़ा - रवि टम्टा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से की मुलाकात, फ्लाइंग कार ‘HAPIDA SKYNEX’ का विजन किया प्रस्तुत 

 

अल्मोड़ा - उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी और Hapida Sky Private Limited के संस्थापक एवं सीईओ रवि टम्टा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू से मुलाकात कर अपनी महत्वाकांक्षी परियोजना ‘HAPIDA SKYNEX’ का विजन प्रस्तुत किया। मुलाकात के दौरान भारत में भविष्य की व्यक्तिगत हवाई परिवहन व्यवस्था और फ्लाइंग कार की संभावनाओं को लेकर चर्चा हुई।

रवि टम्टा ने मंत्री के समक्ष HAPIDA SKYNEX की अवधारणा और व्यक्तिगत हवाई परिवहन (Personal Sky Mobility) को लेकर अपनी योजना रखी। इस दौरान परियोजना के लिए आवश्यक DGCA अनुमोदन, परीक्षण, सुरक्षा मानकों और प्रमाणन प्रक्रिया सहित विभिन्न नियामकीय पहलुओं पर भी चर्चा की गई।

रवि टम्टा के अनुसार, केंद्रीय मंत्री की ओर से परियोजना को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने से उन्हें और उनकी टीम को प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने कहा कि भारत के विमानन क्षेत्र में नवाचार और नई तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में मिल रहा सहयोग इस परियोजना के लिए महत्वपूर्ण है।

नियामकीय मंजूरी और प्रमाणन अगला लक्ष्य - 
रवि टम्टा ने बताया कि अब परियोजना के अगले चरण में आवश्यक नियामकीय एवं प्रमाणन प्रक्रियाओं को पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत परीक्षण, सुरक्षा मानकों और DGCA से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल एक उड़ने वाला वाहन तैयार करना नहीं है, बल्कि भारत से दुनिया के लिए व्यक्तिगत हवाई परिवहन के भविष्य की नींव तैयार करना है। इसके लिए तकनीकी विकास के साथ सुरक्षा, परीक्षण और नियामकीय मानकों को प्राथमिकता दी जा रही है।

रवि टम्टा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘सड़कों से आगे, आसमान की ओर’ के विजन के साथ HAPIDA SKYNEX को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।