‘’हल्द्वानी - रेड अलर्ट के चलते सभी स्कूल 1 से 12 तक कल रहेंगे बंद’’
हल्द्वानी -( जिया सती ) जनपद नैनीताल में 4 अगस्त 2025 को भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने ऐहतियातन सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी वंदना ने बताया कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है, क्योंकि संभावित आपदाओं जैसे भूस्खलन, सड़क बंद होने, जलभराव और तेज नदी-नालों के बहाव से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि संबंधित शैक्षणिक और प्रशासनिक अधिकारी अपने कार्यालयों में आवश्यकतानुसार उपस्थित रहें और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्परता से समन्वय बनाए रखें। किसी प्रकार की आपात स्थिति में आमजन आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05942-231178, 231179 या टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं। यह अलर्ट जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से जारी किया गया है।