नैनीताल - कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट पर डीएम का आया आदेश
नैनीताल - भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 9 जुलाई के लिए जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने जारी आदेश में कहा है कि वर्तमान में जनपद के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। डीएम के आदेश के अनुसार 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद नैनीताल के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें।