उत्तराखंड - जनवरी में कोटद्वार में होगी अग्निवीर भर्ती रैली, युवाओं को तैयारी के निर्देश, जानिए तारीख
कोटद्वार - उत्तराखंड के युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती होने का सुनहरा अवसर सामने आया है। लैंसडौन स्थित सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) ने अग्निवीर भर्ती रैली की तिथियां घोषित कर दी हैं। यह भर्ती रैली आगामी 15 जनवरी से 30 जनवरी तक कोटद्वार स्थित गबर सिंह कैंप में आयोजित की जाएगी।
सेना भर्ती कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 30 जून से 10 जुलाई के बीच उत्तराखंड के लगभग 26 हजार युवाओं ने ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) में प्रतिभाग किया था। इनमें से परीक्षा में सफल करीब 14 हजार अभ्यर्थियों को कोटद्वार में आयोजित होने वाली भर्ती रैली में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.com से डाउनलोड कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।
एआरओ के अनुसार, इस भर्ती रैली के माध्यम से अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर टेक्निकल एवं अग्निवीर ट्रेड्समैन पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। भर्ती रैली को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।