हल्द्वानी - बाघ द्वारा युवक को उठा ले जाने पर पुलिस और वन विभाग जंगल की ओर भागे, जांच में अफवाह निकली सूचना, उड़े होश
हल्द्वानी - हल्द्वानी के बेलबाबा क्षेत्र से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में रविवार को बाघ द्वारा एक युवक को उठा ले जाने की खबर फैलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हालांकि, मौके पर जांच के दौरान बाघ के हमले की पुष्टि नहीं हुई और सूचना महज अफवाह निकली।
जानकारी के अनुसार, गुमशुदा युवक शिवशंकर गोस्वामी की तलाश के दौरान उसके परिजन और परिचित जंगल क्षेत्र में पहुंचे थे। शिवशंकर की पत्नी प्रियंका गोस्वामी ने बताया कि उनके पति पिछले कुछ समय से लापता हैं और उनकी तलाश में पर्याप्त कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि परिचितों ने (गंतुआ) से पूछा जहां उसने जंगल में चावल के दाने दिखाई देने के आधार पर वहां होने की संभावना जताई थी, जिसके बाद लोग मौके पर पहुंचे।
उधर, हल्द्वानी रेंज के रेंज अधिकारी (आरओ) ने स्पष्ट किया कि बाघ द्वारा किसी युवक पर हमला करने या उसे उठा ले जाने की सूचना पूरी तरह अफवाह है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और ऐसी सूचनाएं फैलाने से बचें। फिलहाल गुमशुदा युवक की तलाश जारी है और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।