हल्द्वानी - पिता को थप्पड़ मारने के बाद बेटे ने रची नई कहानी, झूठी शिकायत लेकर पहुंचा कोतवाली, पुलिस ने फटकारा
हल्द्वानी - घर के बाहर अपने बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी बेटे ने खुद को बचाने के लिए नई कहानी गढ़ने की कोशिश की। युवक कोतवाली पहुंचकर पिता पर अपनी पत्नी (बहू) से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगा, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उसकी कहानी टिक नहीं सकी।
जानकारी के अनुसार, छह जुलाई को कोतवाली क्षेत्र के राजपुरा इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक अपने बुजुर्ग पिता को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा था। बताया जा रहा है युवक मकान हथियाने के चक्कर में था, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की थी।
वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को युवक हल्द्वानी कोतवाली पहुंचा और अपने पिता पर पत्नी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने जब उससे मामले को लेकर सख्ती से पूछताछ की और तथ्यों की जांच की, तो युवक अपने आरोपों की पुष्टि नहीं कर सका।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि वह झूठी शिकायत लेकर आया था। इसके बाद उसने अपनी गलती मानते हुए पुलिस से माफी मांगी और बिना शिकायत दर्ज कराए वापस लौट गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की झूठी शिकायत देकर कानून को गुमराह करने का प्रयास न करें। ऐसे मामलों में तथ्यों के आधार पर ही आवश्यक कार्रवाई की जाती है।