हल्द्वानी - खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान के शुद्धिकरण का दावा, भाजपा पर भड़के कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल- Video
हल्द्वानी - कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में आयोजित ‘विजय शंखनाद रैली’ के बाद मैदान के शुद्धिकरण किए जाने का दावा सामने आया है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो को लेकर इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। वीडियो में रैली के बाद मैदान में शुद्धिकरण की गतिविधियां किए जाने का दावा किया जा रहा है।
हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली में माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी ने जिस मंच से जनता को संबोधित किया, उसी मंच का भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा ‘शुद्धिकरण’ किया जाना बेहद आहत करने वाला और निंदनीय है। यह घटना जातिगत भेदभाव और संकीर्ण मानसिकता को दर्शाती है।… pic.twitter.com/bAWZyKVTHI
— Ganesh Godiyal (@UKGaneshGodiyal) August 12, 2026
रैली में कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए थे। रैली के बाद रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, वीडियो और उसमें दिखाई जा रही गतिविधियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक पाखंड करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा जाति और धर्म के आधार पर लोगों को बांटने की राजनीति करती है। कांग्रेस इस तरह की राजनीति में विश्वास नहीं करती। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस के भीतर मानवता और भाईचारे की भावना है और पार्टी किसी भी आयोजन के बाद इस तरह की हरकत नहीं करती। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस कथित पाखंड का कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
शुद्धिकरण के दावे से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामले को लेकर भाजपा की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।