उत्तराखंड - यहां बकरीद के बाद मुस्लिम संगठन की बड़ी मांग, गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की उठाई आवाज

 

उत्तराखंड - बकरीद की नमाज के बाद देहरादून में मुस्लिम सेवा संगठन ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई। संगठन के पदाधिकारियों ने चकराता रोड स्थित ईदगाह में नमाज अदा करने के बाद हाथों में तख्तियां लेकर राज्य और केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की। संगठन के उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी ने कहा कि देश में गाय के नाम पर लगातार राजनीति की जाती है और मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया जाता है, जबकि उनका संगठन लंबे समय से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग करता आ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि यदि गाय वास्तव में आस्था और सम्मान का विषय है तो केंद्र सरकार को इसे राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए। केवल चुनाव और राजनीतिक लाभ के लिए गाय के मुद्दे को उठाना उचित नहीं है। सरकार को इस विषय पर स्पष्ट नीति बनानी चाहिए। आकिब कुरैशी ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा इसके संरक्षण को राजनीति से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल समाज में तनाव बढ़ाता है।

 

संगठन ने समाज में भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी समुदायों को मिलकर सामाजिक एकता को मजबूत करना चाहिए। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।