नैनीताल - फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में पहुंचीं अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने किए मां नयना देवी दर्शन, प्रशंसकों में सेल्फी लेने की होड़
नैनीताल - बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर रविवार को नवरात्रि के पहले दिन नैनीताल स्थित मां नयना देवी मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने मां नयना देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और शिवलिंग पर जल चढ़ाया। मंदिर में अभिनेत्री की मौजूदगी की खबर मिलते ही प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला। उनके साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, जाह्नवी कपूर रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ मंदिर पहुंचीं। वह पार्किंग से नंगे पैर चलकर मंदिर परिसर में दाखिल हुईं। इसके बाद उन्होंने मां नयना देवी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में उन्होंने करीब 15 मिनट बिताए और फिर वापस लौट गईं।
मंदिर समिति ने भेंट की माता की चुनरी-
मां नयना देवी अमर उदय ट्रस्ट की ओर से सुरेश मेलकानी और बसंत जोशी ने अभिनेत्री को माता की चुनरी और मां नयना देवी का चित्र भेंट किया। इस दौरान जाह्नवी कपूर बेहद सादगीपूर्ण अंदाज में नजर आईं। उनके मंदिर पहुंचने की जानकारी मिलने पर श्रद्धालुओं और प्रशंसकों में उन्हें देखने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने को लेकर उत्सुकता दिखाई दी। मंदिर से बाहर निकलने के बाद पार्किंग में खड़ी अपनी गाड़ी के पास भी प्रशंसक उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश करते नजर आए। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बीच अभिनेत्री वहां से रवाना हो गईं।
नैनीताल की खूबसूरती ने किया प्रभावित -
फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में नैनीताल पहुंचीं जाह्नवी कपूर यहां के मौसम और प्राकृतिक सुंदरता से भी प्रभावित नजर आईं। उन्होंने नैनीताल के मौसम और नैनी झील की खूबसूरती की सराहना की। उनके मंदिर दर्शन के दौरान की गतिविधियां और प्रशंसकों के बीच उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।
जाह्नवी कपूर दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी और फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेटी हैं। उन्होंने हिंदी सिनेमा में फिल्म 'धड़क' से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल', 'बवाल' और अन्य फिल्मों में नजर आईं। दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी उन्होंने काम किया है।