हल्द्वानी - चाय विक्रेता को उठाने का वीडियो वायरल, नैनीताल जिले की पुलिस पर फिर उठे सवाल
हल्द्वानी - नैनीताल जिले में पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के नैनीताल रोड पर बेस अस्पताल के समीप एक चाय विक्रेता को पुलिस द्वारा उठाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शनिवार की बताई जा रही है। बेस अस्पताल के पास चाय का खोखा लगाने वाले दुकानदार ने दुकान के सामने खड़ी एक कार हटाने का अनुरोध किया था। आरोप है कि कार एक पुलिसकर्मी की थी और वाहन हटाने की बात उसे नागवार गुजरी। इसके बाद कथित तौर पर पुलिसकर्मी ने डायल 112 पर कॉल कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।
सूचना मिलने पर एक सब-इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बिना पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच किए पुलिसकर्मियों ने दुकानदार को ही कॉलर बताकर पकड़ लिया और कथित तौर पर पुलिसिया रौब दिखाते हुए उसे घसीटकर डायल 112 के वाहन में बैठा लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में रोष देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर पुलिस की कथित दबंगई को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और मामले में निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पुलिस की सफाई -
मामले को लेकर पुलिस ने अपनी सफाई दी है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहले दुकानदार की ओर से पुलिसकर्मी के प्रति अपशब्दों का प्रयोग किया गया था, जिसके बाद पुलिसकर्मी ने डायल 112 पर सूचना दी। हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दुकानदार ने हीरानगर चौकी में माफीनामा भी दिया है।
हालांकि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की इस सफाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि दुकानदार की ओर से कोई गलती हुई थी तो कानून के तहत शांतिपूर्ण ढंग से कार्रवाई की जानी चाहिए थी, न कि सार्वजनिक स्थान पर उसे घसीटकर उठाया जाना।