हल्द्वानी - उत्तराखंड पुलिस महकमे पर टूटा दुखों का पहाड़, एक ही रात में दो जांबाज कर्मियों की सड़क हादसों में मौत
देहरादून/नैनीताल - उत्तराखंड पुलिस विभाग के लिए मंगलवार की सुबह बेहद दुखद खबर लेकर आई। एक ही रात में दो पुलिसकर्मियों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो जाने से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। नैनीताल में तैनात फायरमैन जगजीत सिंह और टिहरी जनपद के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में शिवपुरी पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का सड़क हादसों में निधन हो गया।
कर्तव्य पथ पर चलते-चलते थम गई जगजीत सिंह की सांसें -
जनपद नैनीताल के फायर स्टेशन मल्लीताल में नियुक्त फायरमैन जगजीत सिंह (38) का 22 जून की रात ड्यूटी के दौरान वाहन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। इस खबर से पूरे उत्तराखंड पुलिस और अग्निशमन विभाग में शोक की लहर फैल गई।
मंगलवार को हल्द्वानी स्थित मोर्चरी पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य अधिकारियों ने दिवंगत फायरमैन को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। एसएसपी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा विभाग की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए तात्कालिक आर्थिक सहायता भी प्रदान की। दिवंगत फायरमैन का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बाजावाला, बाजपुर ले जाया गया, जहां उन्हें पुलिस नियमों के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर के साथ पूरे राजकीय सम्मान से अंतिम विदाई दी जाएगी।
19 वर्षों का गौरवशाली सेवाकाल -
जगजीत सिंह ने वर्ष 2007 में अग्निशमन विभाग में भर्ती होकर करीब 19 वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दीं। उन्होंने उधमसिंहनगर, नैनीताल और चंपावत सहित विभिन्न जनपदों में अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वह फायर स्टेशन मल्लीताल में तैनात थे।
शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार शर्मा की खाई में गिरने से मौत
दूसरी ओर, मुनिकीरेती थाना क्षेत्र की शिवपुरी पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रानीपोखरी निवासी विनोद कुमार शर्मा सोमवार देर रात ड्यूटी पूरी करने के बाद मुनिकीरेती थाने से शिवपुरी चौकी लौट रहे थे।
इसी दौरान ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। रात का समय होने के कारण दुर्घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह हादसे का पता चलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई।
एक ही रात में दो कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों को खोने से उत्तराखंड पुलिस परिवार गहरे सदमे में है। वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और कर्मचारियों ने दोनों दिवंगत अधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। उत्तराखंड पुलिस ने कहा कि दोनों अधिकारियों की सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा तथा उनके परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।