हल्द्वानी - RTO कार्यालय में फायरिंग करने वाले अधिकारी पर मुकदमा दर्ज, महिला दरोगा की तहरीर पर हुई FIR
हल्द्वानी - संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) परिसर में मंगलवार को अपनी पिस्टल से फायरिंग करने वाले वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरटीओ चौकी प्रभारी महिला दरोगा दीपा जोशी की तहरीर पर मुखानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद से आरोपी अधिकारी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मंगलवार को आरटीओ कार्यालय में उस समय अफरातफरी मच गई, जब वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी ने कथित तौर पर अपनी पिस्टल से अचानक गोली चला दी। गोली कार्यालय की छत में जा घुसी। गनीमत रही कि गोली किसी कर्मचारी को नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही कार्यालय परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही मुखानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य और फॉरेंसिक नमूने एकत्र किए। पुलिस ने मौके से पिस्टल को कब्जे में ले लिया है।
फायरिंग के बाद मोबाइल बंद कर हुआ फरार -
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद महेंद्र सिंह नेगी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और वहां से फरार हो गया। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि आरोपी को जल्द हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की जाएगी और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फायरिंग की वजह अब भी स्पष्ट नहीं -
आरटीओ कार्यालय में अधिकारी ने गोली क्यों चलाई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। आरटीओ प्रशासन गुरुदेव सिंह ने बताया कि घटना की पुलिस जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि जल्द आरोपी को हिरासत में लेकर मामले का खुलासा किया जाएगा।
किच्छा का रहने वाला है आरोपी -
पुलिस के मुताबिक महेंद्र सिंह नेगी मूल रूप से ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र के देवरिया गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र स्थित कुसुमखेड़ा के गायत्री विहार में रह रहा था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।