हल्द्वानी - बुजुर्ग से झपटमारी का 24 घंटे में खुलासा, एक लाख की अंगूठी समेत 60 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी - वरिष्ठ नागरिक से सोने की अंगूठी झपटने के मामले का मुखानी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से झपटमारी की गई सोने की अंगूठी बरामद की है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट, झपटमारी और धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कुसुमखेड़ा के भूमिया बिहार निवासी महेंद्र चंद तिवारी ने 10 अगस्त को थाना मुखानी में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को अज्ञात व्यक्ति उनके हाथ से करीब 6-7 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी झपटकर फरार हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल को जल्द खुलासे के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी पहचान और तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
11 अगस्त को मुखानी थाना क्षेत्र में संदिग्ध की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को बिना नंबर की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से झपटमारी की गई अंगूठी भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान विनोद शर्मा (60) पुत्र स्वर्गीय संपूर्णानंद शर्मा, निवासी मोहल्ला गोजानी, रामनगर, नैनीताल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, तलाशी में उसके पास से पीली धातु की एक हाथ की अंगूठी बरामद हुई। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
कई मुकदमे दर्ज होने का दावा -
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट, झपटमारी, धोखाधड़ी समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ पंतनगर, क्लेमेंटटाउन, मुखानी, बाजपुर और उत्तर प्रदेश के स्योहारा थाने में दर्ज मुकदमों का उल्लेख किया है। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी संबंधित जिलों और राज्यों से जुटाई जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना मुखानी सुशील जोशी, उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, उप निरीक्षक अविनाश मौर्य, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा, कांस्टेबल रोहित कुमार और कांस्टेबल राजेश जोशी शामिल रहे।