हल्द्वानी - मां सब्जी लेने गई बाजार, घर में अकेली 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस और फोरेंसिक टीम
हल्द्वानी - नैनीताल जिले के हल्दूचौड़ क्षेत्र के बच्चीधर्मा गांव में 17 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया। मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार मृतका बच्चीधर्मा निवासी हेम पांडे की 17 वर्षीय पुत्री थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रही थी और उसका इलाज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
बताया गया कि बुधवार शाम युवती की मां सब्जी खरीदने बाजार गई थीं। इसी दौरान युवती ने घर में पंखे से चुन्नी का फंदा बनाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। जब परिजन घर लौटे तो घटना का पता चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर कोतवाल ब्रजमोहन राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।